“प्लास्टिक प्रदूषण समाप्ति” लक्ष्य के साथ मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

गाँव लहरिया न्यूज़/अमेठी
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को अमेठी रेंज अंतर्गत रणजीत सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी, गुंगवाछ में वन विभाग अमेठी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “End Plastic Pollution” रहा, जिसके तहत प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों पर चर्चा की गई और इसे समाप्त करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, कॉलेज प्रबंधक अशोक सिंह, संरक्षक अरविंद सिंह व वन विभाग के अधिकारियों द्वारा भारत माता व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके पश्चात पवित्र त्रिवेणी वृक्ष—बरगद, पीपल और नीम—का सामूहिक पौधरोपण किया गया।
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद इब्राहिम ने कहा कि प्लास्टिक कभी न नष्ट होने वाली सामग्री है, जो पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रही है। डिप्टी रेंजर बृषकेतु श्रीवास्तव ने कहा कि समाज, सरकार और उद्योग जगत को मिलकर प्लास्टिक के विकल्प अपनाने होंगे ताकि जैव विविधता सुरक्षित रह सके।संरक्षक अरविंद सिंह ने कहा कि प्लास्टिक के खिलाफ क्षेत्र में जनजागरूकता की मुहिम चलाई जानी चाहिए। कॉलेज प्राचार्य रमेश चंद्र शुक्ल ने इसे “पर्यावरण का जहर” बताते हुए कहा कि यदि इसे रोका जाए तो समाज में अमृत समान शुद्धता लाई जा सकती है।वन रक्षक मो. सफ़ीक ने कपड़े के थैलों के उपयोग पर ज़ोर देते हुए प्लास्टिक का बहिष्कार करने का आह्वान किया।इस कार्यक्रम में महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्या शिवदुलारी सिंह, डॉ. दिनेश कुमार श्रीवास्तव, पूनम सिंह, वन रक्षक जगनरायन सिंह, संतोष तिवारी, राजेन्द्र यादव, राजकुमार मिश्रा समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।