भाजपा के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण पांडेय ‘गुरुजी’ का हार्ट अटैक से निधन

गाँव लहरिया न्यूज़/प्रतापगढ़
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण पांडेय ‘गुरुजी’ का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।लक्ष्मी नारायण पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल में बीरापुर विधानसभा (वर्तमान रानीगंज) से विधायक के रूप में सेवा दी थी। उनकी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण उन्हें क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त था।
पार्टी और क्षेत्र को अपूरणीय क्षति
लक्ष्मी नारायण पांडेय लंबे समय से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे और जनता के बीच गहरी पैठ रखते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रयागराज स्थित आवास पर स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता पहुंचकर श्रद्धांजलि देने लगे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा,”लक्ष्मी नारायण पांडेय एक समर्पित नेता और समाजसेवी थे। उनका निधन पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।”अन्य भाजपा नेताओं ने भी सोशल मीडिया और शोक सभाओं के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।उनके पैतृक गांव मोलनापुर बड़ारी में भी गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने कहा कि ‘गुरुजी’ हमेशा जनता की समस्याओं को सुनते और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे।