जमीन विवाद में खूनी खेल, बुजुर्ग दंपति और पौत्र पर वार
टिकरी गांव में देर रात हमला, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गाँव लहरिया न्यूज़/संग्रामपुर/अमेठी
टिकरी गांव में बीती रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर पड़ोसी युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला, उनके पति और पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।पीड़ित परिवार के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अनुरुद्ध सिंह पुत्र शिवमूरत सिंह धारदार हथियार (बांका) लेकर घर में घुसा और 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजपति (पत्नी शेर बहादुर सिंह) पर वार कर दिया। शोर सुनकर उनके पति शेर बहादुर सिंह जाग गए तो हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद पौत्र विष्णु प्रताप सिंह उर्फ शुभम पर तीन बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।शोरगुल सुनकर पड़ोसियों ने 112 व 108 पर फोन कर पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि हमलावर से कुछ दिन पूर्व जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला शांत हो गया था, लेकिन वह बदले की भावना से रात में हमला कर बैठा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल परिवार का बयान लिया और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच जारी है।