घर बनाने से रोक रहा पडोसी आसपुर देवसरा पुलिस भी दे रही साथ.. पीड़ित ने लगाई पुलिस अधीक्षक से गुहार
भूमि विवाद में निर्माण कार्य पर रोक, पीड़ित ने न्याय की लगाई गुहार

गाँव लहरिया न्यूज़/सैफाबाद
प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैफाबाद के निवासी सुरेश शुक्ला पुत्र हृदय नारायण शुक्ला ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक प्रार्थनापत्र के माध्यम से जिला प्रशासन को सूचित किया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा द्वेषवश उनके वैध भूमिधरी भूमि पर निर्माण को रोका जा रहा है।सुरेश शुक्ला के अनुसार, वे अपने पिता के नाम दर्ज गाटा संख्या 343 पर निर्माण कार्य कर रहे थे, जो ग्राम सैफाबाद परगना पट्टी तहसील प्रतापगढ़ में स्थित है। किंतु ग्राम के ही निवासी रत्नेश शुक्ला व राकेश शुक्ला पुत्रगण स्व. सत्य नारायण शुक्ल, जो कथित रूप से विवाद और विस्तारवादी प्रवृत्ति के हैं, ने न्यायालय में उक्त गाटा संख्या को लेकर स्थगन आदेश प्राप्त किया है।स्थानीय थाना आसपुर देवसरा से अदालत ने आख्या तलब की थी, जिसमें राजस्व विभाग की टीम ने यह स्पष्ट किया कि सुरेश शुक्ला का निर्माण कार्य विवादित गाटा संख्या 319 पर न होकर गाटा संख्या 343 पर हो रहा है, जो कि उनकी वैध भूमिधरी भूमि है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा निर्माण कार्य को रोका जा रहा है।प्रार्थी ने अपने प्रार्थनापत्र में जिलाधिकारी से मांग की है कि थाना प्रभारी, आसपुर देवसरा को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे सुरेश शुक्ला द्वारा उनकी वैध भूमिधरी भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्य में अनावश्यक बाधा न डालें और उन्हें न्याय दिलाया जाए।इस प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों की प्रति भी प्रार्थी द्वारा प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है।