ननिहाल आई किशोरी की गड्ढे में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
कधंई थाना क्षेत्र के परानपुर गांव की घटना

गाँव लहरिया न्यूज़/कन्धई
जिले के कधंई थाना क्षेत्र स्थित परानपुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 3 वर्षीय बच्ची शुभी उर्फ नैंसी की पानी के गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। बच्ची अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी।जानकारी के अनुसार, परानपुर निवासी राम समुझ उपाध्याय की बेटी उमा की शादी अंतू थाना क्षेत्र के भैया का पुरवा गांव में हुई है। लगभग दस दिन पहले उमा अपनी दोनों बेटियों शुभी और छह महीने की शानवी के साथ मायके आई थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे उमा दूध लेने के लिए गांव में गई थी। इस दौरान उसने बड़ी बेटी शुभी को पड़ोसियों की देखरेख में छोड़ दिया।खेलते-खेलते शुभी घर से कुछ दूरी पर एक गहरे गड्ढे (नाले) के पास पहुंच गई। आशंका है कि किनारे फिसलने से वह पानी में गिर गई। करीब डेढ़ घंटे तक जब वह दिखाई नहीं दी तो खोजबीन शुरू हुई। गड्ढे के पास जाकर देखा गया तो बच्ची का शव पानी में तैरता मिला।परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने शुभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां उमा का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर भैया का पुरवा से परिजन भी पहुंचे और माहौल गमगीन हो गया।