फौजी पिता के बेटे की तालाब में डूबकर मौत,बहनों का इकलौता भाई था आयुष

16 साल का आयुष दोस्तों के साथ नहाने गया था, गहरे पानी में डूब गया… परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

गाँव लहरिया न्यूज़/पट्टी

कंधई थाना क्षेत्र के परसनी गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। फौज में तैनात पिता का इकलौता बेटा तालाब में डूब गया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के दादा का रो-रोकर बुरा हाल है। अरुण कुमार सिंह का 16 वर्षीय बेटा आयुष सिंह सुबह करीब 9:30 बजे अपने दोस्त अंकुश सिंह पुत्र संजीव सिंह के साथ सर्वजीतपुर गांव स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी अंकुश सिंह ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण जुटे। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 11 बजे युवक को तालाब से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पट्टी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।आयुष के पिता अरुण कुमार सिंह भारतीय सेना में राजस्थान के जैसलमेर में तैनात हैं। आयुष दो बहनों आंचल और शीतल का इकलौता भाई था। दोनों बहनों की अभी शादी भी नहीं हुई है।

मृतक के दादा गंगा प्रसाद सिंह ने बताया कि आयुष सर्वजीतपुर गांव के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में दाखिले के सिलसिले में जानकारी लेने की बात कहकर घर से निकला था। वहीं दोस्तों के साथ नहाते समय यह हादसा हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को घर लेकर चले गए। गांव में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button