विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को दी गई आधुनिक तकनीकी खेती की जानकारी

गाँव लहरिया न्यूज़/अमेठी

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा खरीफ-पूर्व अभियान के अंतर्गत संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को अमेठी जिले के संग्रामपुर विकासखंड के अम्मरपुर और करौंदी ग्राम सभा में पंचायत भवनों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिक डॉ. लाल पंकज सिंह ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, प्रमाणित बीज, बीजोपचार, तथा मिट्टी परीक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसान बुआई का समय और प्रक्रिया वैज्ञानिक तरीके से अपनाएं तो उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकती है।

कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। फव्वारा और ड्रिप सिंचाई तकनीकों के माध्यम से जल की बचत और फसल की गुणवत्ता में सुधार की जानकारी दी गई। साथ ही, हरी खाद तैयार करने की विधि भी किसानों को बताई गई।

इफ्को के प्रतिनिधि सौरभ चतुर्वेदी ने नैनो यूरिया के प्रयोग, उसके छिड़काव और घोल बनाने की विधि के बारे में बताया। उन्होंने इसे पर्यावरण के अनुकूल और लागत कम करने वाला विकल्प बताया।वन विभाग के दरोगा रणवीर सिंह ने अनुपजाऊ भूमि पर आंवला और इमारती लकड़ी के वृक्ष लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसानों की अनुमति से विभाग वृक्षारोपण कराएगा और निशुल्क पौधे भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने यह भी बताया कि एक माह पूर्व खोदे गए गड्ढों में लगाए गए पौधे निश्चित रूप से विकसित होते हैं।कार्यक्रम के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग से जुड़े अजय यादव ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2020 के बाद जिन बच्चों ने संरक्षक को खोया है, उन्हें विशेष योजनाओं के अंतर्गत लाभ दिया जा रहा है। ऐसे ही दो बच्चों को इस योजना में शामिल किया गया है।

इस अवसर पर एडीओ एजी चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, एडीओ पंचायत शशिकांत सिंह, कृषि विभाग से राम केदार, पवन कुमार, अरुण कुमार और आकाश वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, अंकित विश्वकर्मा सहित कई ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।यह अभियान न केवल किसानों को जागरूक बना रहा है, बल्कि तकनीकी कृषि की ओर उन्हें प्रेरित भी कर रहा है।

Related Articles

Back to top button