सफल महिला समूहों को किया गया सम्मानित

गाँव लहरिया न्यूज़/संग्रामपुर/अमेठी
विकासखंड संग्रामपुर के सभागार में गुरुवार को महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत सफल महिला समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने उत्कृष्ट कार्य से न केवल आत्मनिर्भरता हासिल की बल्कि अपने परिवार के भरण-पोषण में भी अहम भूमिका निभाई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता बिंदेश्वरी प्रसाद द्विवेदी ने एक दर्जन से अधिक महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित महिलाओं में बीसी सखी कंचन सिंह, स्वास्थ्य सखी प्रिया सिंह, दीपा गुप्ता, बबली सिंह, समूह सखी रीता गौतम व माधुरी, बैंक सखी कुसमा देवी, कंचन वर्मा, मिथिलेश कुमारी और महिला मेठ गेंदा देवी एवं श्याम लली शामिल रहीं।मुख्य अतिथि द्विवेदी ने बताया कि यह आयोजन पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान के तहत किया गया है। इस अवसर पर अहिल्याबाई होलकर के प्रेरणादायी जीवन पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शिव पूजन भारतीया ने की तथा आयोजन की निगरानी एडीओ आईएसबी सुरेश कुमार ने की। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला, हिंदू युवा वाहिनी ब्लॉक उपाध्यक्ष राम सिंह, बीएमएम त्रिलोचन सिंह, बीएमएम नीरज सिंह एवं बड़ी संख्या में महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।