उप मुख्यमंत्री ने किया पौधरोपण, आपातकाल की बरसी पर लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित
हमारा संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ है, हम इसकी रक्षा हर हाल में करेंगे।" — केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री

गाँव लहरिया न्यूज़/प्रतापगढ़
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को प्रतापगढ़ दौरे पर रहे। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसी क्रम में आपातकाल की 50वीं बरसी पर उन्होंने तुलसी सदन (हादीहाल) में चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया।
मार्च पास्ट की ली सलामी, किया पौधरोपण
उप मुख्यमंत्री के पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचने पर विधायक राजेन्द्र मौर्य, विधायक जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, एसपी डॉ. अनिल कुमार समेत तमाम जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने आम का पौधा लगाकर पर्यावरण को लेकर जनता से जागरूक रहने की अपील की।
आपातकाल को बताया लोकतंत्र पर हमला
संई कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने 25 जून 1975 को घोषित आपातकाल को भारत के लोकतंत्र का काला दिन करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए संविधान का दुरुपयोग किया और लोकतंत्र के तीनों स्तंभों को बंधक बना दिया।
सेनानियों को किया सम्मानित
तुलसी सदन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रितों को अंगवस्त्र, माला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल में जिस तरह से प्रेस की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति के अधिकार, और न्याय व्यवस्था को कुचला गया, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता।उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भी कांग्रेस उसी मानसिकता में जी रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर काम कर रही है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।
महिला आरक्षण व कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत महिलाओं को 33% आरक्षण दिया गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार अपराधियों, माफियाओं पर कठोर कार्रवाई कर रही है। साथ ही जनता से आह्वान किया कि यदि कोई समस्या हो तो सीधे लखनऊ स्थित उनके आवास 7, कालीदास मार्ग पर शिकायत दर्ज कर सकते है।का र्यक्रम में विधायक, पूर्व सांसद, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, अधिकारियों व सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।